आयुष्मान भारत योजना से जुड़ा बीके का हार्ट सेंटर
फरीदाबाद। रविवार को आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत के साथ ही लाभार्थियों को बीके सिविल अस्पताल के हार्ट सेंटर में भी लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। फरवरी से शुरू हुए हार्ट सेंटर में अब तक 247 लोगों की एनजियोप्लास्टी की जा चुकी है। इसमें 40 फीसदी मुख्यमंत्री मुफ्त इलाज योजना के तहत लाभान्वित हुए आर्थिक और जातीय आधार पर पिछड़े लोग हैं।
आयुष्मान भारत के तहत हार्ट सेंटर को सूचीबद्ध करने की जानकारी बुधवार को प्रधान चिकित्सा अधिकारी बीर सिंह सहरावत और अनुबंधित कंपनी मेडिटीना के उत्तर भारत सीईओ विनोद कालरा ने दी। उन्होंने बताया कि मार्च से अगस्त तक सबसे कम समय में फरीदाबाद में ज्यादातर लोगों ने हार्ट सेंटर का लाभ उठाया है। इसका एक मात्र कारण निजी अस्पतालों की तुलना में कम खर्च पर 50 हजार रुपये में ही दिल में स्टेंट डालकर मरीज को सस्ता इलाज दिया जा रहा है।
पार्षदों के पास पहुंची वार्ड अनुसार लाभार्थियों की सूची
जिले के 40 पार्षदों को उनके वार्ड अनुसार आयुष्मान भारत के लाभार्थियों की सूची स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपलब्ध करा दी गई है। इससे वार्ड पार्षद से ही स्थानीय लोग आयुष्मान भारत योजना के तहत खुद के लाभार्थी होने की पुष्टि कर सकते हैं। इसके बाद ईएसआई मेडिकल कॉलेज, बीके सिविल अस्पताल में आयुष्मान मित्र सहायता केंद्रों पर लाभार्थी कार्ड बनवा सकते हैं।