विधायक की पंच-सरपंचों के साथ बैठक, सीएम की विकास रैली में पहुंचने का अह्वान
सरपचों ने विधायक के सामने रखी बिजली-पानी की समस्या
अमर उजाला ब्यूरो
तावडू। नगर के मोरपंख विश्राम गृह में शुक्रवार को सोहना विधायक तेजपाल तंवर ने पंच सरपंचों के साथ बैठक कर फिरोजपुर झिरका में शनिवार को सीएम की होने वाली विकास रैली में पहुंचने की अपील की। इस मौके पर विधायक ने इलाके में किए गए विकास कार्यों का बखान करते हुए कहा कि इलाके में बिना भेदभाव एक समान विकास कराए गए हैं। इलाके में करीब एक दर्जन सड़कों का जीर्णोद्घार किया गया है। करीब आधा दर्जन नई सड़कें बनाने के प्रस्ताव पारित हो चुके हैं। बिजली की समस्या से निजात दिलाने के लिए राठीवास व मोहम्मदपुर अहीर में 33 व 66 केवी बिजलीघरों का निर्माण कराया गया है। इस मौके पर सरपचों ने विधायक को क्षेत्र की समस्याओं से भी अवगत कराया। अधिकांश शिकायत बिजली पानी से संबंधित थी।
सरपंच अब्दुल जब्बार, सरपंच अरसद, सरपंच साजिद, सरपंच सुमेर, सरपंच हासम आदि ने विधायक से कहा की इलाके के किसान पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से परेशान हैं। मोहम्मदपुर में 66 केवी बिजली घर का लोगों को फायदा नहीं मिल रहा है। जबकि सीएम गत वर्ष नवंबर में इसका उद्घाटन कर चुके हैं। निगम के अधिकारियों की लापरवाही के चलते 11 केवी फीडरों को अभी तक नहीं जोड़ा गया है। इस वजह से तावडू 66 केवी बिजली घर में ओवर लोड की समस्या बनी हुई है। सरपचों ने विधायक से मोहम्मदपुर बिजली घर पर लोड शिफ्ट कराने की मांग की।