नोएडा। साइकिल से स्कूल जा रही सातवीं की छात्रा (12) को बुधवार सुबह स्पाइस मॉल के पीछे झाड़ियों में ले जाकर एक युवक ने दुष्कर्म कर दिया। आरोपी ने पपीते का फूल तोड़ने का झांसा देकर वारदात अंजाम दी। छात्रा के शोर मचाने पर पुलिस ने वारदात की जगह से कुछ दूरी पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, बुधवार शाम को मेडिकल जांच कराकर लौटने के दौरान आरोपी ने पुलिस पर हमला कर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया।
कोतवाली सेक्टर-20 क्षेत्र निवासी छात्रा निजी स्कूल में पढ़ती है। सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह साइकिल से स्कूल जा रही थी। जब वह सेक्टर-31-25 चौराहे के पास पहुंची तो साइकिल सवार मोरना निवासी शनि (20) ने उसे रोक लिया। शनि ने छात्रा से पपीते का फूल तोड़ने के लिए कहा। उसने कहा कि यह फूल केवल लड़की ही तोड़ सकती है। जब छात्रा ने मना कर दिया तो आरोपी रोने लगा।
ऐसे में छात्रा उसके झांसे में आ गई और फूल तोड़ने स्पाइस मॉल के पीछे चली गई। इसके बाद आरोपी उसे खींचकर झाड़ियों में ले गया और दुष्कर्म कर दिया। छात्रा किसी तरह सड़क पर आई और राहगीरों के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छात्रा को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पर किया ईंट और पत्थर से हमला
कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस शनि को गिरफ्तार करने के बाद मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल ले गई। मेडिकल परीक्षण के बाद पुलिस आरोपी को थाने ले जा रही थी। सेक्टर-25 के पास आरोपी ने पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का प्रयास किया और ईंट व पत्थर से हमला करने लगा। इस पर पुलिस ने पैर में गोली मारकर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। शनि मूलरूप से हाथरस का रहने वाला है।
तीन दिन में दो दुष्कर्म, सुरक्षा पर उठे सवाल
जिले में तीन दिन में दुष्कर्म की दो घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस का दावा है कि महिला सुरक्षा के लिए टीमें हमेशा अलग-अलग स्थानों पर तत्पर रहती हैं, लेकिन बुधवार सुबह सड़क किनारे और रविवार शाम को फेज टू के पार्क में हुई दुष्कर्म की घटना पुलिस की सतर्कता की कुछ और कहानी बयां कर रही है। स्पाइस मॉल के पास घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया, लेकिन फेज टू पार्क में युवती से सामूहिक दुष्कर्म करने वाले दोनों आरोपियों की पुलिस पहचान तक नहीं कर पाई है।