संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। विदेश भेजने के नाम पर ठगी के दो मामले में पुलिस ने आठ लोगों को नामजद किया। इन पर दो लोगों से 7.89 लाख रुपये हड़पने के आरोप है। इनमें रादौर के गांव छारी निवासी जोगिंद्र से 5.26 और यमुनानगर शहर की छोटी लाइन निवासी महिला से 2.63 लाख रुपये ठगे गए। दोनों की शिकायत पर संबंधित थानों की पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
थाना शहर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में छोटी लाइन निवासी महिला ने बताया कि वह रोजगार के लिए विदेश जाना चाहती थी। उसे पता चला कि गुरप्रीत सिंह, पुलकित सहगल, अमनदीप सिंह, मानसी, प्रियंका व विक्रम लोगों को रोजगार के लिए विदेश भेजने का काम करते हैं।
इन लोगों ने उसे भी विदेश भेजने का आश्वासन दिया और इसकी एवज में फरवरी-2024 में 2.63 लाख रुपये और दस्तावेज ले लिए। काफी समय बीतने पर भी उन्होंने विदेश नहीं भेजा। इस बारे में इन लोगों से बात की तो उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इन लोगों से अपने 2.63 लाख रुपये वापस मांगे तो उन्होंने देने से इंकार कर दिया। जांच अधिकारी शमशेर का कहना है कि मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
उधर, थाना रादौर पुलिस को दी शिकायत में गांव छारी निवासी जोगिंद्र सिंह ने बताया कि 12वीं की पढ़ाई पूरी करने पर बेटा आगे की पढ़ाई विदेश में करना चाहता था। दिसंबर-2024 में बेटे को सेक्टर-17 स्थित बोस इंटरनेशनल का विज्ञापन दिखा। पता चला कि यहां से युवाओं को विदेश नौकरी व पढ़ाई के लिए भेजा जाता है। तब सेक्टर-17 स्थित बोस इंटरनेशनल पहुंचे, यहां उन्हें मैनेजर रिया व कर्मचारी युवराज मिले।
उन्होंने कहा कि वह उनके बेटे को ऑस्ट्रेलिया भेज देंगे। उनकी बातों में आकर अलग-अलग कर 28 अप्रैल 2025 तक उन्हें 5.26 लाख रुपये व दस्तावेज दिए। इसके बाद काफी समय बीतने पर भी रिया व युवराज ने बेटे को ऑस्ट्रेलिया नहीं भेजा। तब उनसे रुपये वापस मांगे, पर उन्होंने देने से इन्कार कर दिया। जांच अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है।