संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। तमाम तरह विवादों के बावजूद फिल्म 72 हूरें दर्शकों को अपनी ओर खींचने में कामयाब नहीं हो पाई। सात जुलाई को रिलीज हुई इस फिल्म को शुरुआत से ही दर्शकों ने पंसद नहीं किया। इसके कारण ज्यादातर शो 80 प्रतिशत तक खाली चल रहे हैं। यहां तक कि बुधवार सुबह वेव सिनेमा में केवल एक व्यक्ति फिल्म देखने के लिए पहुंचा। वहीं बाकी सिनेमा घरों में भी 15 से 20 प्रतिशत दर्शक फिल्म देखते पाए गए।
माना जा रहा था कि 72 हूरें द कश्मीर फाइल्स और द केरला स्टोरी की तरह ही दर्शकों को बांधने में कामयाब होगी। दरअसल, दोनों हिट फिल्मों की तरह यह भी विवादों में रही। लेकिन शहर के दर्शकों का कहना है कि फिल्म में कुछ नयापन नहीं है। फिल्म की कहानी एक दम सपाट है, ब्लैक एंड व्हाइट होने के कारण भी यह आकर्षित नहीं कर पा रही है। संजय पूरन सिंह चौहान के निर्देशन में बनी 72 हूरें में आमिर बशीर, रशीद नाज़, सरू मैनी और पवन मल्होत्रा मुख्य भूमिका में हैं। मगर यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अभी तक 1.70 करोड़ का ही बिजनेस कर पाई है।
72 हूरें देख चुके अमन आकाश का कहना है कि फिल्म की कहानी शुरुआत के आधे घंटे में ही समझ में आ जाती है। इसका कंटेंट काफी बासी लगा। वहीं शाम का शो देख कर निकले राहुल बताते हैं कि फिल्म की कहानी काफी थकी हुई है। यह एक डॉक्यूड्रामा है, जिसमें दो आतंकवादियों की आत्मा की कहानी चलती है। जो कि ब्रेनवाश का शिकार हुए हैं। यह सब पहले से सबको पता है कि आतंकवादी कैसे बनते हैं, उनका उदेश्य क्या है।