बिजली नहीं होने से लोग परेशान
तावडू। नगर के नूंह रोड पर कई स्ट्रीट लाइटों के खराब होने से यहां अंधेरा छाया रहता है। यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और नगरवासियों को अंधेरे के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि इस बारे में शिकायत देने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। वहीं दूसरी ओर नगरपालिका प्रशासन द्वारा समय-समय पर खराब लाइटों को बदलने का कार्य करने का दावा किया जाता है।
ध्यान देने वाली बात है कि प्रदेश की सबसे बड़ी अनाज मंडी, तहसील, एसडीएम कार्यालय सहित पुलिस चौकी और दूरभाष केंद्र सहित बिजली घर इसी रोड पर स्थित है और रोजाना अफसरों का आना जाना लगा रहता है। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द से जल्द ठीक करवाया जाए ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। मुकुट, निज्जर, अजरूद्दीन, जाकिर, शाकिर, अमानत, त्रिलोक, मुकीम, गुलशन और पवन समेत अन्य दुकानदारों और नगरवासियों का आरोप है कि यहां लगी स्ट्रीट लाइट दोयम दर्जे की हैं इस वजह से कुछ समय बाद ही खराब हो जाती हैं। उन्होंने पाटौदी चौक से लेकर अनाजमंडी के दो नंबर गेट तक करीब एक पखवाडे़ से सभी लाइटें बंद पड़ी है, लोगों ने कहा कि इन्हें ठीक कराने के लिए कई बार नगरपालिका प्रशासन को सूचित कराया जा चुका है, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नगर पालिका के कनिष्ठ अभिंयता संजय उप्पल ने बताया कि कुछ लाइटें खराब हैं। इसके बारे में कंपनी को अवगत करा दिया गया है। इन्हें जल्द ठीक करवाया जाएगा।