दो पहिया पर तीन सवारियों के खिलाफ चलाया ‘ऑपरेशन एक्स’
नोएडा। दोपहिया पर तीन सवारी व नाबालिगों के वाहन चलाने के खिलाफ पुलिस ने बुधवार से दो दिवसीय अभियान ऑपरेशन एक्स शुरू किया है। एसएसपी ने दोपहर को पुलिस को इस बारे में आदेश जारी किए। इसके तहत दोपहर दो से शाम चार बजे, फिर शाम छह से रात आठ और रात नौ से रात दस बजे रात तक जनपद में अभियान को चलाया गया।
इससे पहले जनपद में ऑपरेशन ब्लू आई और ऑपरेशन रिकवरी जैसे अभियान चलाए गए। ऑपरेशन ब्लू आई 16 से 18 सितंबर तक चलाया गया। इसमें शहरी क्षेत्र में 26 व देहात में 47 लोगाें को गिरफ्तार किया गया। सबसे अधिक 16 आरोपियाें की गिरफ्तारी दादरी थाना क्षेत्र में की गई। वहीं, ऑपरेशन रिकवरी में 121 वाहनों को जब्त किया गया। ये वाहन चोरी या लावारिस हालत में थे। एसएसपी डॉ. अजयपाल शर्मा ने बताया कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने व अवांछित तत्वों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग नाम से पुलिस ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं।