गाजियाबाद के लिए उपयोगी
नोएडा के एल गोकुलनाथ एनटीएसई टॉपर
आठ से दस घंटे करते हैं पढ़ाई, तबला बजाने का भी शौक
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। एनसीईआरटी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा (एनटीएसई) में नोएडा के एल गोकुल नाथ ने ऑल इंडिया टॉप किया है। उन्होंने 197 में 186 अंक हासिल किए हैं। वहीं, शहर के आर्यांश बंसल ने नोएडा में दूसरा और पुष्प श्रीवास्तव ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। नोएडा के 18 बच्चों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है।
दसवीं में था तीसरा स्थान
समरविल स्कूल के ग्यारहवीं के छात्र एल गोकुल नाथ की कामयाबी से स्कूल और परिजन दोनों खुश हैं। सेक्टर-120 निवासी छात्र को तबला बजाने का भी शौक है। पिता एक अस्पताल में नौकरी करते हैं। माता गृहणी हैं। सीबीएसई बोर्ड के दसवीं की परीक्षा में एल गोकुल नाथ ने 497 अंक के साथ देश में तीसरा स्थान हासिल किया था। वह आठ से दस घंटे पढ़ाई करते हैं। साथ ही टॉप आईटी कालेज में दाखिला लेना चाहते हैं। प्रिंसिपल एम एन अरुलराज ने बताया कि वह आगे भी स्कूल और शहर का नाम रोशन करेंगे।
नोएडा में दूसरे स्थान पर आर्यांश तीसरे पर पुष्प
वहीं, राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा में आर्यांश बंसल ने नोएडा में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। वह इंदिरापुरम के डीपीएस स्कूल में पढ़ाई करते हैं। जबकि पुष्प श्रीवास्तव ने शहर में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। पुष्प ग्रेटर नोएडा डीपीएस में पढ़ते हैं। दोनों छात्र आईआईटी में दाखिला लेना चाहते हैं। इसके अलावा अंशुल सिंह, आर्यन सिन्हा, आयन श्री, एवी पाटीनी, दक्ष वाष्णेर्य, देवांश गुप्ता, दीपांश जैन, हर्ष सुनील चौधरी, निखिल गुप्ता समेत नोएडा के 18 छात्रों ने परीक्षा पास की है।