एनजीटी ने नोएडा में भूजल निकासी पर
सीजीडब्ल्यूए को दिया कारण बताओ नोटिस
एजेंसी
नई दिल्ली। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने दिल्ली से सटे नोएडा में गैर कानूनी तरीके से भूजल निकासी कर रही औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई संबंधी अधूरी रिपोर्ट दाखिल करने के लिए केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (सीजीडब्ल्यूए) को फटकार लगाई।
सीजीडब्ल्यूए के उपेक्षापूर्ण व्यवहार से आहत जस्टिस जवाद रहीम की अध्यक्षता वाली पीठ ने प्राधिकरण के सदस्य को उनकी रिपोर्ट में खामियों के विवरण के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया। पीठ ने कहा, ‘इस कार्रवाई रिपोर्ट में कोई तथ्यात्मक सूचना नहीं है। यह वस्तुत: मजाक और प्राधिकरण अधिकारियों का उपेक्षापूर्ण व्यवहार है। इसलिए हम प्राधिकरण के सदस्य को कारण बताओ नोटिस जारी करते है और इस चूक के संबंध में एफिडेविट दें और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी का नाम बताएं। यह यूपी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वकील की तरफ से कॉपी मिलने के एक सप्ताह के भीतर किया जाना चाहिए। इस मामले को 14 सितंबर को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है।