7 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि, 347 पहुंचा आंकड़ा
नोएडा। जिले में बृहस्पतिवार को डेंगू के सात नए मामले आए हैं। अब कुल मरीजों की संख्या 347 तक पहुंच गई है। इसमें से अधिकतर मरीज ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से नए मिले इन मरीजों से संपर्क कर इनके घरों के आसपास एंटी लार्वा दवा का छिड़काव शुरू करा दिया है। वहीं, आठ बनाए गए हॉटस्पॉट सेक्टर-22, होशियारपुर, हरौला, बरौला, भंगेल, सालारपुर, सदरपुर और मामूरा में स्वास्थ्य विभाग प्राधिकरण के साथ मिलकर विशेष अभियान चला रहा है। यहां पर डेंगू के पांच-पांच से अधिक केस मिले है। मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा ने बताया अब कुल 347 केस हो गए हैं। विभाग की ओर से नियंत्रण के लिए फॉगिंग, एंटी लार्वा स्प्रे और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।