अब प्राधिकरण के जिम्मे होगा एफओबी के लिफ्ट का काम
-शहर के 20 एफओबी पर लगाई जाएगी लिफ्ट, खर्च निजी कंपनी वहन करेगी
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा । अब नोएडा प्राधिकरण के जिम्मे शहर के एफओबी के लिफ्ट का काम होगा। यानी प्राधिकरण की ओर से लिफ्ट लगाई जाएगी। पहले यह काम एफओबी बनाने वाली निजी कंपनी के जिम्मे था। लेकिन कई शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर प्राधिकरण ने ऐसा निर्णय लिया। लिफ्ट का खर्च निजी कंपनी वहन करेगी।
दरअसल, शहर में अलग-अलग स्थानों पर सड़क पार करने के लिए एफओबी बनाए गए हैं। यहां लिफ्ट लगाने का भी प्रस्ताव दिया गया था। लेकिन आलम यह है कि कुल 24 एफओबी में से केवल चार में लिफ्ट लगी हुई है। यह लिफ्ट ऐसे लोगों की मदद के लिए लगाने का प्रस्ताव था, जो कि एफओबी की सीढ़ियां नहीं चढ़ पाते हैं।
लेकिन अब नोएडा प्राधिकरण ने यह फैसला लिया है कि सभी 20 स्थानों पर बने एफओबी में लिफ्ट खुद ही लगाएगा। हालांकि एक लिफ्ट लगाने में जो 35 लाख रुपये की राशि लगेगी। वह प्राधिकरण निजी कंपनी से वसूलेगा।
दरअसल, शहर में बनाए गए 24 एफओबी में से 11 प्राधिकरण ने बनाए हैं, जिसको पांच साल की लीज पर निजी कंपनी को विज्ञापन के लिए दिया गया है। इसके अलावा बाकी बचे 13 एफओबी को निजी कंपनी ने बनाया है। इस पर 10 साल तक विज्ञापन से होने वाली कमाई से निजी कंपनी पैसे वसूलेगी। इन सभी एफओबी पर निजी कंपनी को ही लिफ्ट लगानी थी। बताया जा रहा है कि कहीं-कहीं लिफ्ट लगी हुई है। लेकिन वह चल नहीं रही है। इस बाबत प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि अक्तूबर से प्राधिकरण की ओर से लिफ्ट लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा, जिससे आम आदमी को किसी तरह की दिक्कत महसूस न हो।