नमाज विवाद : थाना प्रभारी पर लगाए गंभीर आरोप
गुरुग्राम। बसई स्थित खाली जमीन पर शुक्रवार की नमाज पढ़ने को लेकर हुए विवाद में शनिवार को मुस्लिम एकता मंच के पदाधिकारी पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे। पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) से मुलाकात कर मंच के पदाधिकारियों ने सेक्टर-9ए थाना प्रभारी सुधीर पर गंभीर आरोप लगाए और कार्रवाई की मांग की। उधर, थाना प्रभारी सुधीर ने उन पर लगे आरोपों को नकार दिया है।
पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे मुस्लिम एकता मंच के चेयरमैन हाजी शहजाद खान ने बताया कि शुक्रवार को मुस्लिम समाज के लोग बसई स्थित खाली जमीन पर नमाज अदा कर रहे थे। इस दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और नमाज पढ़ने के बाद इमाम को यहां नमाज पढ़वाने से मना कर दिया। आरोप है कि इस दौरान थाना प्रभारी ने इमाम वाहिद के साथ बदसलूकी की और अपने साथ थाने ले गए। उन्होंने बताया कि बसई में जिस जमीन पर नमाज पढ़ी जा रही है वह पहले से चिह्नित है और उस जमीन का वह किराया भी देते हैं। उधर, पुलिस उपायुक्त सुमित कुहाड़ ने उनकी शिकायत पर जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
इस मामले में थाना प्रभारी सुधीर का कहना है कि शुक्रवार को किसी की निजी जमीन पर नमाज पढ़ी जा रही थी। जमीन मालिक की शिकायत मिलने पर इमाम को भविष्य में नमाज किसी व्यक्ति की निजी जमीन पर न पढ़वाने को कहा गया। जमीन को नमाज के लिए किराये पर लेने की बात सामने आई थी, जिस पर दोनों पक्षों को थाने बुलवाकर आमने सामने करवाया गया था। इस पर जमीन मालिक ने नमाज पढ़ने पर एतराज जताया है और किसी भी तरह का किराया लेने से इनकार किया।