ग्रेटर नोएडा के लोगों को फिलहाल बिजली कटौती से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इस सप्ताह भी तीन से पांच घंटे कटौती झेलनी पड़ेगी। दरअसल, आरसी ग्रीन में 60 एमवीए के ट्रांसफार्मर को बदलने का काम अभी पूरा नहीं हो सका है।
बताया जा रहा है कि इसे बदलने में अभी पांच से छह दिन लगेंगे। चार जुलाई को आरसी ग्रीन सब स्टेशन में 60 एमवीए का ट्रांसफार्मर जल गया था। जिसकी वजह से एनपीसीएल के पास 50 मेगावाट बिजली की उपलब्धता कम हो गई।
फिर एनपीसीएल ने शेड्यूल जारी कर बिजली कटौती शुरू कर दी। कंपनी को यूपीपीटीसीएल ने पांच दिन में ट्रांसफार्मर बदलने का समय दिया था। मगर पांच दिन बाद भी स्थिति जस की तस है। फिलहाल, इसे बदलने का काम चल रहा है।
शनिवार को खराब ट्रांसफार्मर हटाया गया। जबकि, नया ट्रांसफार्मर अभी पहुंचा नहीं है। गाजियाबाद से ट्रांसफार्मर मंगाया गया है। एनपीसीएल अफसरों का कहना है कि रविवार शाम या सोमवार सुबह तक नया ट्रांसफार्मर आ जाएगा। जिसे लगाने में पांच से छह दिन का समय लगेगा।
पांच दिन और झेलनी पड़ेगी कटौती
एनपीसीएल के पास बिजली की उपलब्धता और खपत में अंतर बढ़ता जा रहा है। शहर में बिजली की खपत 350 मेगावाट से ऊपर पहुंच चुकी है। जबकि, कंपनी के पास 290 मेगावाट बिजली उपलब्ध है। इस अंतर को कम करने के लिए कंपनी कटौती कर रही है। लोगों को उम्मीद थी कि रविवार तक कटौती से राहत मिल जाएगी, लेकिन अब इस सप्ताह भी कटौती होगी।