माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। एक प्लॉट सौदे में 60 लाख से अधिक की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बीटा-2 कोतवाली पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। बुलंदशहर के इतेश पोसवाल ने बताया कि उन्हें आवास के लिए सेक्टर-55 नोएडा में एक प्लॉट खरीदना था। उनकी मुलाकात अनिल भड़ाना से हुई थी। वह प्रॉपर्टी से जुड़ा काम करता है।
अनिल ने पीड़ित को केदारनाथ राय उर्फ देवाशीष और अन्य लोगों से मिलवाया था। जिन्होंने प्लॉट दिखाया और सौदा तय किया। प्लॉट का समझौता 3 करोड़ 75 लाख रुपये में हुआ और उसने 50 लाख रुपये अग्रिम भुगतान के रूप में केदारनाथ राय के खाते में 23 नवंबर 2024 से 29 जनवरी 2025 के बीच जमा किए। इसके अलावा नोएडा प्राधिकरण में टीएम शुल्क के लिए 11 लाख 82 रुपये का भुगतान भी किया गया। लेकिन जब पीड़ित ने रसीद मांगी, तो आरोपियों ने बहाने बनाकर भुगतान और दस्तावेज देने में देरी की। आरोपियों ने गिरोह बनाकर ठगी की है। इसमें अनिल भड़ाना, राकेश बिष्ट उर्फ बलवीर, देवाशीष, शशिकांत राय, विभूति और अभिषेक माथुर शामिल हैं। वहीं, कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि केस दर्ज कर जांच शुरू की है।