चार फीसदी भूखंड देने की मांग को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना देने जा रहे करीब 60 किसानों को पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से हिरासत में ले लिया। जिनमें 15 महिला किसान भी शामिल थी। किसानों को प्राधिकरण कार्यालय तक पहुंचने से रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। देर शाम पुलिस ने सभी किसानों को रिहा कर दिया। किसान नेता अमित भाटी सहित पाली गांव के करीब 12 किसानों के साथ प्राधिकरण कार्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें अंडरपास के नजदीक रोककर हिरासत में ले लिया। इसके बाद उन्हें बस से लुकसर जेल भेज दिया गया। वहीं, मोहित भाटी के नेतृत्व में किसानों का एक जत्था ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नजदीक जैतपुर गोल चक्कर पर पहुंचा। पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया और हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।
प्राधिकरण कार्यालय के आसपास भारी पुलिस बल तैनात
किसानों के प्रस्तावित आंदोलन को देखते हुए जैतपुर और विप्रो गोलचक्कर पर बैरिकेडिंग कर रास्ते बंद कर दिए गए थे। प्राधिकरण के मुख्य द्वार पर तीन स्तरीय बैरिकेडिंग की गई थी। इसके अलावा प्राधिकरण की ओर जाने वाले रास्तों को जेसीबी और ट्रक खड़े करके बंद कर दिया गया था। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पूरे दिन पुलिस बल तैनात रहा और किसानों को प्राधिकरण कार्यालय तक पहुंचने नहीं दिया गया।