- 12 मिनट के शो में महिला शक्ति, सैन्य शक्ति के प्रदर्शन के अलावा बदलते यूपी की भी दिखी झलक
- सिटी पार्क में बृहस्पतिवार से शुरू हुई चार दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। एक साथ उड़े 550 से ज्यादा ड्रोन ने बृहस्पतिवार देर शाम शहरवासियों को अनोेखी छवियां दिखाईं। करीब 12 मिनट तक चले ड्रोन शो में बदलते यूपी की तस्वीर के साथ ही विकास और प्रदेश की संस्कृति की झलक दिखी। इसके अलावा महिला और सैन्य शक्ति के पराक्रम की तस्वीर पेश की गई। सिटी पार्क में चार दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी में पहले दिन ड्रोन शो खास आकर्षण का केंद्र बना रहा। प्रदर्शनी में रोजाना ड्रोन शो होगा।
शाम करीब सात बजे सिटी पार्क में पुष्पोत्सव 2026 के संदेश के साथ शुरू हुए ड्रोन शो में प्रभु श्रीराम के दिव्य दर्शन से लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि भी बनाई गई। ग्रेटर नोएडा के विकास की यात्रा में शामिल सूरजपुर वैटलेंड, नोलेज पार्क, नोएडा एयरपोर्ट संग मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट सिस्टम के साथ निवेश का हब बन चुके इस शहर को भी यहां दिखाया गया। शो के अंत में विश्व कप जीतने वाली महिला क्रिकेट टीम, ऑपरेशन सिंदूर में सेना का पराक्रम को दर्शाया गया। भारत माता के नारे के बीच मौजूद विजिटर्स की तालियां बताती रहीं कि यह शो कितना खास रहा।
इस दौरान एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस, सुमित यादव के अलावा ओएसडी अभिषेक पाठक, पीजीएम संदीप चंद्रा, जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल, सहायक निदेशक बुद्ध विलास व अन्य मौजूद रहे। इससे पहले शाम करीब चार बजे पुष्प प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया गया।
पुष्प प्रकृति की सबसे बड़ी देन : सांसद
पुष्प प्रकृति की तरफ से मानवता को सबसे बड़ी देन है। पुष्प प्रदर्शनी के शुभारंभ के दौरान सांसद डॉ. महेश शर्मा ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर की पहचान ईंट पत्थरों से नहीं बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक ताने-बाने से होती है। पुष्प प्रदर्शनी जैसे आयोजनों से शहर जीवंत बनते हैं।
एक मार्च तक चलेगी प्रदर्शनी
एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि पुष्प प्रदर्शनी एक मार्च तक चलेगी। 50 से अधिक प्रजातियों के फूलों के प्रदर्शित किए गए हैं। ऑपरेशन सिंदूर की झांकी जहां खास है। पुष्प प्रदर्शनी में वाहनों की पार्किंग व विजिटर्स का प्रवेश निशुल्क रहेगा।
मोबाइल में यादे संजो रहे विजिटर्स
प्रदर्शनी के साथ विजिटर्स अपनी यादों को भी मोबाइल में संजोते दिखे। फूलों से बने बाघ और शिमला मिर्च से बने हार्ट शेप भी लोगों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। राष्ट्रीय पक्षी मोर व अन्य आकृतियां भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।