नोएडा (संवाद)। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के क्षेत्रीय कार्यालय नोएडा की ओर से सोमवार को सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल में 'निधि आपके निकट 2.0' के तहत डिस्ट्रिक्ट आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 87 लोगों ने हिस्सा लिया, जबकि 55 लोगों ने शिकायत और जानकारी के लिए पंजीकरण कराया। कार्यक्रम में लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जीवन प्रमाण पत्र, यूएएन प्रमाणीकरण, सदस्य प्रोफाइल अपडेट और ई-नामांकन समेत विभिन्न सुविधाओं के लिए अलग-अलग डेस्क लगाई गईं। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-द्वितीय कुमार राघवेन्द्र ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से नियोक्ताओं और कर्मचारियों को पीएफ योजनाओं, पीएमवीबीआरवाई, सरल क्लेम प्रक्रिया और एमनेस्टी योजना की जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-प्रथम सुयश पाण्डेय ने की। इस मौके पर सहायक भविष्य निधि आयुक्त संतोष कुमार सिंह समेत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।