-बीते पांच सालों में औसतन हर साल 1000 से अधिक महिलाओं ने अपने उद्यम पंजीकृत कराए
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर के उद्यमी जगत में महिलाओं की भागदारी बढ़ती जा रही है। जिला उद्योग केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, बीते साल कुल 5200 उद्यम पंजीकृत हुए थे। इसमें करीब 1040 से ज्यादा महिलाओं ने अपने उद्यम पंजीकृत कराए थे। सरकारी आंकड़े बताते हैं कि जिले में फिलहाल 12 हजार से ज्यादा महिला उद्यमी हैं। बीते पांच सालों में औसतन हजार महिलाओं ने अपने उद्यम का पंजीकरण कराया है। यानी हर साल करीब हजार महिलाएं उद्यम के क्षेत्र से जुड़ीं हैं।
सेक्टर-1 निवासी पेंट कारोबारी शिखा मिश्रा ने बताया कि महिलाओं की गति पुरुषों के मुकाबले थोड़ी थीमी होने का एक प्रमुख कारण यह भी है कि उन्हें आज भी समय पर सरकारी और समाज से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाता। इनमें बैंकों से ऋण और प्रशासन से जमीन न मिलने जैसी समस्याएं शामिल हैं। इससे कई महिलाएं पीछे रह जाती हैं। वहीं सेक्टर 62 निवासी पेपर बैग कारोबारी आकांक्षा चुघ ने बताया कि अगर सरकार महिलाओं के लिए थोड़ी और राहत दे तो उनकी उद्यमी बनने की राह और भी आसान होगी।
-
इस साल शुरू होंगी 73 एमएसएमई इकाइयां
उद्योग केंद्र के अधिकारियों के अनुसार, जिले में बीते पांच सालों में उद्योग जगत में बेहतर तरक्की हुई है। नोएडा के अलावा जेवर और ग्रेनो में भी तेजी से निवेश बढ़ा है। वहीं इस साल 73 नई एमएसएमई इकाइयां शुरू होंगी, जिनसे जिलेभर में कुल 2970 करोड़ के निवेश का अनुमान है।
जिले में महिला उद्यमी बढ़ रही हैं। भविष्य में उनकी भागीदारी और अधिक बढ़ेगी
-पंकज निर्वाण, जिला उपायुक्त उद्योग, गौतमबुद्ध नगर