मंडी अटेली। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। कहा कि 29.86 करोड़ रुपये से 52 उप स्वास्थ्य केंद्रों की नई इमारत भी बनाई जाएगी।
मंत्री ने वीरवार को अटेली में कैंप कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुनने के बाद बताया कि महेंद्रगढ़ जिले में 216.74 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से स्वास्थ्य भवनों का निर्माण किया जा रहा है। नारनौल सिविल अस्पताल में कलर डॉप्लर अल्ट्रासाउंड मशीन आ गई है। इससे लोगों को बेहतर जांच सुविधाएं मिलेंगी।
इस अवसर पर नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव, एसडीएम अनिरुद्ध यादव, कनीना के एसडीएम डॉ. जितेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, डीएसपी भारत भूषण, एसएमओ डॉ. विजय, डीडीपीओ नरेंद्र सारवान, एक्सईएन अश्वनी कुमार, जीएम रोडवेज देवदत्त, बीडीपीओ नवदीप के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।
45.10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नारनौल अस्पताल के भवन निर्माण की स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि पहले वाली निर्माण एजेंसी के साथ अदालत का मामला और बाद में मध्यस्थता के कारण इसके निर्माण में देरी हुई है लेकिन अब इसके लिए दोबारा से निविदाएं लगाई जा रही हैं।
इंसेट
महेंद्रगढ़ अस्पताल का भी जल्द कार्य होगा शुरू
37 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले महेंद्रगढ़ अस्पताल का काम भी जल्द शुरू होगा। इसका संशोधित अनुमान तैयार किया गया है। अब संशोधित प्रशासनिक स्वीकृति के लिए सरकार को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य दोबारा शुरू हो जाएगा।
इंसेट
76.25 करोड़ से बनाए जाएंगे चार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बेहतर बनाने के लिए कई नए भवनों का निर्माण किया जा रहा है। इसमें 76.25 करोड़ रुपये की लागत से 4 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सतनाली, नांगल सिरोही, नांगल चौधरी और दौचाना) और 26.53 करोड़ रुपये की लागत से 6 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (बामनवास, बायल, बिगोपुर, धनौंदा, पाली और सिरोही बहाली) के भवन बनाए जाएंगे।उन्होंने कहा कि इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने से महेंद्रगढ़ जिले का स्वास्थ्य ढांचा और अधिक मजबूत होगा।