सभी विभागों से तालमेल बना घटाया जाएगा प्रदूषण
गुरुग्राम। गुरुग्राम में प्रदूषण का स्तर कम करने के लिए राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नए सिरे से तैयारी की है। बोर्ड ने प्रदूषण की रोकथाम से जुड़े अब सभी विभागों के साथ तालमेल बनाने का निर्णय लिया है। इस कड़ी में बोर्ड सभी विभागों से सूचनाओं एवं शिकायतों का आदान-प्रदान करेगा। इसके लिए बोर्ड ने गुरुग्राम के स्थानीय कार्यालय (उत्तरी) में एक अधिकारी की नियुक्ति की है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की फटकार लगने के बाद राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के गुरुग्राम के स्थानीय कार्यालय उत्तरी ने प्रदूषण की रोकथाम सभी संबंधित विभागों से तालमेल की कवायद आरंभ की है। बोर्ड ने सभी संबंधित विभागों के ट्विटर अकाउंट का पता कर लिया है और उन पर उनसे जुड़ी हुई वे सभी शिकायतें भेजी जाएंगी, जो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से उसके पास भेजी जाती हैं।
राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने अपने गुरुग्राम कार्यालय में प्रदूषण से जुड़ी शिकायतें संबंधित विभागों तक पहुंचाने के लिए एक अधिकारी की जिम्मेदारी तय की है। यह अधिकारी सभी शिकायतों का अध्ययन करने के बाद उन्हें संबंधित विभाग के पास ट्विटर के माध्यम से भेजेगा। इसके अलावा संबंधित विभागों को फोन करके भी अवगत कराया जाएगा। इस कार्य के लिए इस अधिकारी के सहयोग के लिए एक कर्मचारी भी नियुक्त किया है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड नियमित तौर पर राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ट्विटर अकाउंट पर शिकायतें भेजता है। अभी तक राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अपने से जुड़ी हुई शिकायतें नहीं होने पर उनके संबंध में टिप्पणी करके केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को अवगत करा देता था, दरअसल ये शिकायतें दूसरे विभागों से जुड़ी हुई होती थीं, लेकिन इन शिकायतों का निवारण नहीं होने के कारण केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की कड़ी खिंचाई ही नहीं की, बल्कि सार्वजनिक तौर पर उसकी कार्यशैली पर सवाल उठाया।