दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को घर से निकाला
फिरोजपुर झिरका। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष द्वारा विवाहिता को घर से निकाले जाने का मामला गांव सिध्रावट से सामने आया है। इस संबंध में पीड़िता की शिकायत पर फिरोजपुर झिरका पुलिस ने ससुराल पक्ष के 5 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व मारपीट कर घर से निकालने का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़िता अफसीना पुत्री शेर मोहम्मद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी शोहिब पुत्र इस्लामुद्दीन निवासी बड़खल(फरीदाबाद) से मुस्लिम रीति रिवाज के साथ काफी दान-दहेज देकर हुई थी। आरोप है कि पीड़िता के पिता ने शादी पर लाखों रुपये खर्च किये लेकिन ससुराल पक्ष को शादी में दिया गया दहेज पसंद नहीं आया। पीड़िता के मुताबिक, शादी के दिन से उसके पति शोहिब, देवर सैड़ुद्दीन, ननद नाजिया, सास बदरुन्निसा और ससुर इस्लामुद्दीन दहेज को कम बता कर उसके साथ मारपीट कर रहे थे। अफसीना ने बताया कि ससुराल पक्ष ने साफ कहा कि वह दहेज के रूप में 5 लाख रुपये अपने पिता से लाएगी तो ही शादी को कायम रखा जाएगा। पीड़िता के पक्ष ने ससुराल पक्ष को बिरादरी पंचायत के माध्यम से काफी समझाया कि लेकिन ससुराल पक्ष मांग पूरी कराने के लिए अफसीना को निरंतर यातना देते चले आ रहे थे। ब्यूरो