ऐप से कसेगा अनाधिकृत निर्माण पर शिकंजा
- ई नियमित पर मिलने वाली शिकायतों पर होगी तत्काल कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। ऐप के जरिये अब अनाधिकृत निर्माण पर एमसीडी की ओर से नजर रखी जाएगी। सी डैक के सहयोग से तैयार ऐप ई नियमित से न केवल अवैध निर्माण की जानकारी मिलेगी, बल्कि उन्हें ध्वस्त करने की दिशा में तत्काल कार्रवाई भी की जाएगी। यह ऐप तीनों निगमों में लागू होगी, जिससे अवैध निर्माण पर शिकंजा कसेगा।
दिल्ली में बढ़ते अनाधिकृत निर्माण को लेकर उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद इस ऐप को तैयार किया गया। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के आयुक्त पुनीत कुमार गुप्ता ने बताया कि ऐप के जरिये किसी भी अवैध निर्माण की जानकारी मिलते ही तत्काल विभाग की ओर से कार्रवाई होगी। इससे जहां निगम के समय की बचत होगी, वहीं दूसरी तरफ अवैध निर्माण पर शिकंजा भी कसेगा।
- सत्यता की पुष्टि के बाद ही होगी कार्रवाई
अनाधिकृत निर्माण संबंधी फोटोग्राफ अपलोड होने पर एमसीडी की टीम सत्यता की पुष्टि कर तत्काल कार्रवाई करेगी। समय और स्थान के अलावा अनाधिकृत निर्माण संबंधी जानकारियां भी इस ऐप के जरिये मिल सकेंगी। अगर, कोई जानकारी गलत दी जाती है तो उन मामलों में कार्रवाई नहीं होगी।