हेडिंग: जिले के 180 गांवों में लगेगी एबीसी केबल
300 किलोमीटर से भी अधिक लंबी लगाई जाएगी केबल
1000 से अधिक आबादी वाले गांवों को प्रथम चरण में चुना गया
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। जिले में बिजली चोरी रोकने के लिए विद्युत विभाग ने एबीसी केबल यानी रबड़ लगी केबल लगाने के लिए 180 गांवों का सर्वे पूरा कर लिया है। दिसंबर के पहले सप्ताह से गांवों में केबल लगेगी।
दरअसल, जिले में आए दिन जर्जर तारों से हो रही दुर्घटनाओं और बिजली चोरी को कम करने के लिए एबीसी केबल लगाने का निर्णय लिया गया था। इसके लिए विद्युत निगम ने टेंडर प्रक्रिया पहले ही पूरी कर ली थी और जिन गांवों में यह केबल लगाई जानी थी उसके लिए सर्वे कराया जा रहा था। अधीक्षण अभियंता एके सिंह ने बताया कि 180 गांवों में करीब 300 किलोमीटर केबल लगाई जानी है। इसमें 1000 से अधिक आबादी वाले गांवों को इसके लिए चुना गया है। इन गांवों में जिनके पास कनेक्शन नहीं होगा उनके तार नहीं जोडे़ जाएंगे। पहले कनेक्शन लेने का मौका दिया जाएगा। इसके बाद भी कनेक्शन नहीं लिया जाता है तो उनके खिलाफ विद्युत विभाग की ओर से कार्रवाई की जाएगी।
सेक्टर-62 में 15 दिसंबर तक चालू होगा बिजली थाना
दो साल से बिजली थाने की चल रही कवायद अब पूरी होने जा रही है। विद्युत निगम के अधिकारियों ने सेक्टर-62 में थाना खोलने के लिए निगम के ही कार्यालय को चुन लिया है। उसमें फिलहाल थाना शुरू करा दिया जाएगा। इसके बाद नए तरीके से भवन और जगह तय की जाएगी। अधीक्षण अभियंता विवेक अग्रवाल ने बताया कि 15 दिसंबर तक काम पूरा होगा। थाने के बनने के बाद विभाग में बिजली चोरी संबंधित केस वहीं पर दर्ज किए जाएंगे और सामान्य थानों की तरह ही उनकी विजिलेंस पुलिस भी चोरी करने वालों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई कर सकेगी। इससे बिजली चोरी पर लगाम लगेगी और विद्युत विभाग को राजस्व प्राप्त होगा।