हेडिंग: मेट्रो की एक्सप्रेस सर्विस के लिए एनएमआरसी करेगा सर्वे
एक्सप्रेस सर्विस में मेट्रो खास चुनिंदा स्टेशनों पर ही रुकेगी
एनएमआरसी की वेबसाइट पर होगा सर्वे का फॉर्म
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। नोएडा-ग्रेनो मेट्रो की एक्सप्रेस सर्विस के लिए नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएमआरसी) सर्वे करेगा। इसमें लोगों से राय मांगी जाएगी। इसके बाद एक्सप्रेस सर्विस शुरू करने पर कोई निर्णय होगा। एक्सप्रेस सर्विस में मेट्रो खास चुनिंदा स्टेशनों पर ही रुकेगी। इस तरह की सर्विस डीएमआरसी भी चला रही है।
दरअसल, एनएमआरसी का नोएडा-ग्रेटर नोएडा कॉरिडोर जल्द शुरू होने वाला है। इसके लिए अगले सप्ताह कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी (सीएमआरएस) निरीक्षण करेंगे। इसके बाद मुहर लगते ही मेट्रो का व्यावसायिक इस्तेमाल शुरू हो जाएगा। इसी कड़ी में जल्द से जल्द यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचाने के लिए एनएमआरसी ने एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू करने का विचार किया है।
एनएमआरसी के कार्यकारी निदेशक पीडी उपाध्याय ने बताया कि इसके लिए एनएमआरसी एक सर्वे करेगा। सर्वे का आठ पेज का फार्म एनएमआरसी की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसे लोगों को भरना होगा। उनसे यह राय लेने की कोशिश होगी कि नोएडा-ग्रेनो कॉरिडोर पर एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू करना उचित होगा या नहीं। साथ ही, इससे यह भी पता चल पाएगा कि लंबी दूरी तक रोजाना यात्रा करने वाले कितने लोग हैं। इसी आधार पर ऐसी ट्रेनें शुरू करने पर फैसला होगा। इसके लिए www.nmrcnoida.com पर जाना होगा। वहां उपलब्ध लिंक पर क्लिक कर ऑनलाइन सर्वे भरने के बाद जमा करना होगा। इसका सर्वे 12 अक्तूबर से 12 नवंबर तक होगा।