- 13 घंटे में गंगा की धारा को चीरते हुए देश के दिग्गज तैराकों की सूची में बनाई जगह
-50 साल से अधिक उम्र में 81 किमी की तैराकी करने वाले यूपी के पहले व्यक्ति बने
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा सेक्टर 122 निवासी 51 वर्षीय सत्यनारायण प्रसाद ने 13 घंटे में गंगा की धारा को चीरते हुए 81 किलोमीटर तैराकी कर नया इतिहास रचा है। ऐसे में सत्यनारायण भारत के दिग्गज तैराकों की सूची में शामिल हो गए हैं। सत्यनारायण का यह दावा है कि वह यूपी के पहले व्यक्ति हैं जिन्होंने 50 साल से अधिक उम्र में 81 किलोमीटर की तैराकी पूरी की है।
मुर्शिदाबाद तैराकी संघ की ओर से 31 अगस्त को भागीरथ गंगा नदी में 79वीं ओपन वाटर नेशनल वर्ल्ड लॉन्गेस्ट स्विमिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया था। इस ऐतिहासिक आयोजन में भारत के कई दिग्गज तैराकों ने भाग लिया और जलधारा को अपने साहस से चुनौती दी। नोएडा सेक्टर-122 निवासी सत्यनारायण प्रसाद ने इस प्रतियोगिता में अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए 81 किलोमीटर की लंबी दूरी को मात्र 13 घंटे में पूरा कर लिया। उनकी इस साहसिक उपलब्धि ने उन्हें भारत के लंबी दूरी के दिग्गज तैराकों की सूची में शामिल कर दिया है। जिला तैराकी संघ समेत विभिन्न खेल संघों, खिलाड़ियों और नागरिकों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी और उनके जज्बे को सलाम किया है।
-
21 युवाओं के बीच अकेले थे सत्यनारायण
सत्यनारायण ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल 21 तैराक थे। इनमें एक तैराक स्पेन से और दो बांग्लादेश से आए थे। अन्य भारत के थे। सभी तैराक युवा थे और 50 से अधिक उम्र के केवल वही थे। वह यूपी के पहले व्यक्ति हैं जिन्होंने 50 साल से अधिक उम्र में 81 किलोमीटर तैरकर पूरा किया।