50 तोला सोना और दो लाख की नकदी चुराई
दनकौर। कोतवाली क्षेत्र के हतेवा गांव में बृहस्पतिवार रात एक घर से चोर करीब 50 तोला सोना और दो लाख रुपये नकद चुरा ले गए। घटना की जानकारी परिजनों को शनिवार तड़के हुई। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। वहीं, चोरों ने तीन अन्य घरों के ताले तोड़कर चोरी का प्रयास किया। लोगों का आरोप है कि छह माह में कस्बे और क्षेत्र में आधा दर्जन घरों में चोरी की घटना हुई हैं, लेकिन पुलिस चोरों का सुराग लगाने में नाकाम रही है। घटनाओं से लोगों में आक्रोश है।
हतेवा गांव निवासी राजकुमार उर्फ राजू ने बताया कि घर में रिश्तेदार आए हुए हैं। उसकी साली की बेटी शादी है। उसने बताया कि साली ने गहने और नकदी उसके पास रखने को दी थी। इस पर उसने एक कमरे में रखे बक्से में अपने और साली के गहने-नकदी एक साथ रख दी। बृहस्पतिवार को बिजली नहीं आने के चलते सभी छत पर सोने चले गए। शनिवार तड़के देखा तो कमरे और बक्से का ताला टूटा हुआ। साथ ही गहने और नकदी भी नहीं थी। इसके बाद चोरों ने गांव के ही मेघी, बालकिशन और सतपाल के घर में भी ताला तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया। कोतवाली प्रभारी समरेश सिंह का कहना है कि सर्विलांस की टीम को मौके पर बुलाया है। चोरों ने एक ही घर में मुख्य रूप से चोरी की है। अन्य घरों के ताले पुलिस को चकमा देने के लिए तोड़े हैं। टीम गठित कर दी गई है, जल्द सुराग लगा लिया जाएगा।