फिरोजपुर झिरका। गांव अगोन में बृहस्पतिवार रात को जजपा महिला प्रकोष्ठ नूंह की जिलाध्यक्ष एवं ब्लाक समिति की चेयरमैन मुमताज बेगम के पति मिहराब पर जानलेवा हमला कर 50 हजार रुपये लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित मिहराब ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बृहस्पतिवार रात को करीब 9:30 बजे वह उसमान ठेकेदार के पास मौजूद थे। इसी बीच शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने गालीगलौच शुरू कर दी। आसपास के लोगों ने बीच बचाव किया। घटना के करीब 20 मिनट बाद जब वो अपनी गाड़ी से घर की ओर लौट रहे थे तो रास्ते में आरोपियों ने
पथराव कर गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद लाठी-डंडों और रॉड से उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने उनकी जेब से 50 हजार रुपये, गाड़ी के कागजात सहित पंचायत समिति के महत्वपूर्ण दस्तावेज और चेकबुक छीन ली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जांच अधिकारी मजीद खान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।