नूंह। वाहन चोरी निरोधक दस्ते ने मंगलवार देर शाम बाइक चुराने वाले दो बदमाशों को सालाहेडी मोड़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बदमाशों की निशानदेही पर पांच बाइक बरामद की है। दोनों चोरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान सफीक पुत्र दीनू निवासी गांव सोलहाका सदर थाना पलवल और मुस्तफा पुत्र उसमान गांव गुर्जर नंगला फिरोजपुर झिरका के रूप में हुई है।
बाइक चोर निरोधक दस्ता के प्रभारी धर्मेंद्र सिंह को मंगलवार देर शाम सूचना मिली कि नूंह-होडल रोड के सालाहेडी मोड़ पर होडल की ओर से दो बाइक चोर आ रहे हैं। पुलिस की टीम सालाहेडी मोड़ पर आते ही चोरों की अपाचे बाइक को रुकवाने की कोशिश की तो बाइक छोड़कर आरोपी भागने लगे। लेकिन पुलिस ने उन्हें मौके से पकड़ लिया। इस दौरान एक होमगार्ड जवान के पैर में भी मामूली चोट आई। पूछताछ के दौरान ही आरोपी सफीक पुत्र दीनू के घर से पुलिस ने चोरी की चार बाइकों को बरामद किया। ये बाइक सफीक ने दिल्ली, बादशाहपुर, गुरुग्राम व सूरजकुंड फरीदाबाद से चोरी की थी।
बाइक चोरी के नौ मामले दर्ज
आरोपी सफीक पर बल्लबगढ़ सदर थाने में बाइक चोरी के चार, फरीदाबाद के सेक्टर 12 में तीन, होडल में एक व हथीन थाने में भी बाइक चोरी का एक मामला दर्ज है। कुल नौ बाइकों चोरी के मामलों के 22 वर्षीय आरोपी की नजर अब नूंह क्षेत्र पर टिकी हुई थी। वह यहां पर भी बाइक चोरी करने की नियत से ही आया था। सफीक पर पहला मामला 2016 में होडल थाना में दर्ज किया गया था। उसके बाद आरोपी ने कई जगह पर बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हालांकि बीते वर्ष 2018 में आरोपी एक बार पुलिस की गिरफ्त में आ गया था। लेकिन उसके बाद पुलिस की पहुंच से दूर रहा। वहीं आरोपी सफीक से साथ मौजूद मुस्तफा पर बाइक चोरी का इसके अलावा कोई मामला सामने नहीं आया है।
मास्टर चाबी से देता था अंजाम
आरोपी सफीक अपने पास एक मास्टर चाबी रखता था जिससे वह किसी भी बाइक के लॉक को सेकेंडों में तोड़कर वाहन चुराकर फरार हो जाता था।
पुलिस को डेढ़ माह में बड़ी सफलता
करीब 15 जून को पुलिस कप्तान ने बाइक चोरों पर लगाम कसने के लिए जिले में वाहन चोर निरोधक दस्ते का गठन किया है। तभी से पुलिस ने बाइक चोरों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अभी तक बाइक चोरी के 15 मुकदमे दर्ज किए हैं। वहीं 18 चोरों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा 24 बाइकों को भी बरामद करने में कामयाबी हासिल की है।