निर्माणाधीन सेक्टर-71 अंडरपास। फाइल फोटो
नोएडा। प्राधिकरण की 5 परियोजनाएं जल्द ही जनता के समर्पित कर दी जाएंगी। समीक्षा बैठक में सीईओ रितु माहेश्वरी ने इनका काम जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में एसीईओ, सीजीएम, जीएम सहित वर्क सर्किल के अधिकारी शामिल रहे। सीईओ ने सेक्टर-16ए फिल्म सिटी पार्किंग के ऊपर लैंडस्केपिंग, एक्सप्रेसवे के किनारे इंडस्ट्रियल गेट प्रवेश द्वार, एक्सप्रेसवे पर 10.3 और 19.4 किमी पर निर्माणाधीन अंडरपास, सेक्टर-71 अंडरपास का काम जल्द से जल्द पूरा कराने का आदेश दिया है। इनमें से कुछ का लोकार्पण इस माह के अंत या अगले माह की शुरुआत में करने की योजना है।
उन्होंने सेक्टर-91 वेटलैंड का काम दिसंबर तक पूरा कराने को कहा। इसके अलावा नोएडा स्टेडियम के शूटिंग रेंज को चयनित एजेंसी को सौंपने का निर्देश दिया है। साथ ही अगले माह में शूटिंग प्रतियोगिता आयोजित कराने को कहा। ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से सभी प्राइमरी और जूनियर हाईस्कूलों में मरम्मत और रखरखाव के काम माह के अंत तक पूरे कराने को कहा। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में 2550 करोड़ की लागत से 273 परियोजनाएं चल रही हैं। वहीं, वित्तीय वर्ष 2021-22 में 811 करोड़ की लागत से 263 नए कार्य प्रस्तावित हैं। इसमें 680 करोड़ की लागत से 180 कार्य शुरू हो चुके हैं। 15 कार्यों की स्वीकृति हो चुकी है। 66 कार्य निविदा प्रक्रिया में हैं। सीईओ ने नोएडा आपके द्वार के तहत सभी गांवों में दिशा सूचक नए बोर्ड लगाने और पुराने की मरम्मत का निर्देश दिया है।
काम तेज नहीं हुआ तो ठेका निरस्त
सीईओ ने एक्सप्रेसवे के रिसर्फेसिंग के काम की गति पर निराशा जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तीन माह में काम पूरा नहीं होता है तो ठेका निरस्त कर दिया जाएगा। इसके अलावा कालिंदी कुंज द्वार और ग्रेटर नोएडा से आने के क्रम में प्रवेश द्वार का काम तेज करने को कहा। उन्होंने एक्सप्रेसवे के 2.36 किमी पर निर्माणाधीन अंडरपास के काम की गति को बढ़ाने और पर्थला फ्लाईओवर के काम में बाधा बने पेड़ों को शिफ्ट करने के निर्देश दिए।
सेक्टरों के विकास कार्य तेज करने के आदेश
सीईओ ने सेक्टर-145 में 5 प्रतिशत विकसित आबादी के भूखंडों के विकास कार्य की गति बढ़ाने, सेक्टर-151 में आवासीय योजना के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कराने, सेक्टर-161 और 162 के विकास के लिए प्रस्तावित कार्यों के संबंध में निरीक्षण के बाद कार्यवाही करने को कहा है। उन्होंने गोल्फ कोर्स और हैबिटेट सेंटर के कार्यों को निर्धारित अवधि में पूरा करने के आदेश दिए। सीईओ ने सड़कों व फुटपाथ पर अवैध रेहड़ी पटरी विक्रेताओं के दिखने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि रेहड़ी पटरी विक्रेताओं को वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया जाए।