फिरोजपुर झिरका। शहर पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात झिरका के कुरैशी मोहल्ला से पांच पिकअप वाहन सहित 5 अधकटे ऊंटों का मांस बरामद किया है। हालांकि आरोपी अंधेरा का लाभ उठा कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर पिकअप को कब्जे में लिया है।
शहर पुलिस चौकी के जांच अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात सूचना मिली कि कुरैशी मोहल्ले के बाबू, सिकंदर पुत्र असगर, इरशाद पुत्र मकमूल, ईशु पुत्र नुरू पिकअप नंबर एच आर-73-ए-7672 में रस्सियों से बुरी तरह बांधकर 5 ऊंटों को वध के लिए लाए हैं। भूपेंद्र सिंह ने बताया की सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने कुरैशी मोहल्ला में दबिश दी तो वहां खाली प्लॉट में पिकअप के पास चार व्यक्ति खड़े दिखाई दिए जिनके हाथ में कुल्हाड़ी व छुरी थी। पुलिस जब पिकअप की ओर बढ़ने लगी तो चारों आरोपी अंधेरे का लाभ उठाते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस की टीम ने मौके पर खड़ी पिकअप की जांच की तो उसमें पांच ऊंटों का कटा हुआ आधा भाग पड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि मांस को आरोपी किसी गांव में बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने मौके से कुल्हाड़ी, छुरी भी बरामद की है।
भूपेंद्र सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम व अवैध रूप से वध करने का मुकदमा दर्ज कर पिकअप को कब्जे में लिया है। भूपेंद्र सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।