दिन में निर्माणाधीन साइट पर काम, रात को करते थे लूटपाट, 5 गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 थाना पुलिस ने राहगीरों से लूटपाट करने वाले अंतर राज्यीय गिरोह के पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाश बाजार में खरीदारी करने वाली महिलाओं व सुनसान स्थान से गुजर रहे लोगों को निशाना बनाकर नकदी, मोबाइल, आभूषण लूट लेते थे। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से 40 मोबाइल, बाइक और ऑटो बरामद किया है। पुलिस बरामद फोन की जांच कर रही है। उनका कहना है कि बदमाशों की गिरफ्तारी से कई वारदात का खुलासा हुआ है। एसपी देहात रणविजय सिंह ने बताया कि बीटा-2 थाना पुलिस को मंगलवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि गिरोह के बदमाश ग्रेनो वेस्ट से जगत फार्म की तरफ ऑटो और बाइक से आ रहे हैं। पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर सूरजपुर रोड से जगत फार्म की ओर आ रहे पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान मवाना, मेरठ के मोनू, झारखंड के विशाल, सुनील महतो, बिहार के पप्पू, पश्चिम बंगाल के सुमन शेख के रूप में हुई। बदमाश ग्रेनो वेस्ट के तिगरी और गाजियाबाद में किराए पर रह रहे थे और निर्माणाधीन साइट पर काम करते थे। बदमाशों ने पुलिस को बताया कि वह दिन में जगतफार्म, रामपुर, ग्रेनो वेस्ट की मार्केट व नोएडा की अट्टा मार्केट में शॉपिंग करने वाली महिलाओं के पर्स, मोबाइल व रुपये चोरी कर लेते थे। वारदात के दौरान दो से तीन बदमाश एक साथ रहते थे। चोरी कर वह साथी को सामान पकड़ा देते थे। इसके अलावा बदमाश रात में सुनसान रास्तों में राहगीरों से लूटपाट करते थे। गौतम बुद्ध नगर के अलावा बदमाश दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ में भी वारदात कर चुके हैं।
6 हजार में बेच देते थे कीमती फोन
पुलिस के मुताबिक, बदमाश लूट और चोरी के मोबाइल बंगाल के सुमन शेख और झारखंड के विशाल को दे देते थे। दोनों अपने प्रदेश में ले जाकर कीमती मोबाइल 4 से 6 हजार रुपये में बेच देते थे। साथ ही पुलिस से बचने के लिए मोबाइल का ईएमईआई नंबर भी चेंज करा देते थे।
साइट पर हुई थी दोस्ती
पुलिस के मुताबिक, बदमाश बिसरख कोतवाली क्षेत्र में एक बिल्डर की निर्माणाधीन साइट पर काम करते थे। सभी की मुलाकात भी लगभग एक साल पहले निर्माणाधीन साइट पर काम के दौरान हुई थी। साइट पर छुट्टी होने या फिर दिन में काम खत्म करने के बाद बदमाश वारदात करते थे। बदमाश बाइक पर आते थे और ऑटो पर सवार होकर फरार हो जाते थे।