दनकौर। औरंगपुर गांव से शनिवार दोपहर चौथी कक्षा के छात्र के अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो बाइक पर दो अज्ञात युवक गांव में घुसते हुए दिखाई दिए हैं। परिजनों व गांव के लोगों ने इन्हीं युवकों पर बच्चे के अपहरण की आशंका जताई है। पुलिस बच्चे की बरामदगी और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र का बेटा यश नागर (12) गांव के ही एक पब्लिक स्कूल में पढ़ता है। दोपहर में वह घर के बाहर स्थित मंदिर के नजदीक खेल रहा था। इस बीच वह अचानक लापता हो गया। परिजनों काफी तलाश किया, लेकिन बच्चा नहीं मिला। परिजनों ने बताया कि दो युवक बाइक पर गांव में आए और यश को बैठाकर ले गए। बाइक पर दो युवक गांव में आते हुए कैमरे में कैद हुए हैं, लेकिन उनके लौटने की फुटेज सीसीटीवी कैमरे में नहीं है। आशंका है वह किसी अन्य रास्ते से बाहर गए हों। पुलिस की तीन टीमें बच्चे और आरोपियों को तलाशने में जुटी हैं। हरियाणा समेत दर्जन भर स्थानों पर देर शाम तक दनकौर पुलिस ने दबिश दी। एसीपी ब्रजनंदन राय का कहना है कि जल्द ही बच्चे को बरामद कर लिया जाएगा।