विश्व सड़क दुर्घटना मृतक स्मृति दिवस पर ट्रैफिक पुलिस ने जलाईं 421 मोमबत्तियां
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। विश्व सड़क दुर्घटना मृतक स्मृति दिवस पर रविवार को सेक्टर-38ए जीआईपी मॉल में ट्रैफिक पुलिस और नागरिकों ने पिछले एक साल में सड़क हादसों में जान गंवाने वाले 421 लोगों की याद में मोमबत्तियां जलाईं।
रिकॉर्ड के अनुसार जिले में सड़क हादसों में मृतकों की संख्या में पिछले वर्ष की तुलना में कमी आई है। 2024 में 463 मौतें हुई थीं, जबकि इस बार संख्या घटकर 421 रह गई। 2023 में 385 और 2022 में 354 मृतक दर्ज किए गए थे।
एडीसीपी ट्रैफिक मनीषा सिंह ने कहा कि हादसे कम करने के लिए प्राधिकरण और अन्य विभागों के साथ मिलकर कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकतर दुर्घटनाओं की वजह तेज रफ्तार है, इसलिए वाहन चालक निर्धारित गति का पालन करें। साथ ही लोगों से अपील की कि सड़क हादसे के घायलों की मदद जरूर करें। गुड सेमेरिटन योजना के तहत ऐसे नागरिकों को जिला प्रशासन पुरस्कृत भी करता है।