अजय चौधरी बने राष्ट्रीय किसान कांग्रेस के संयोजक
नोएडा। विधानसभा चुनावों में बाजी मारने के बाद अब कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत ने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी की संस्तुति के बाद राष्ट्रीय किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी। इसमें उत्तर प्रदेश से एकमात्र अजय चौधरी को राष्ट्रीय किसान कांग्रेस का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है। अजय चौधरी गौतमबुद्धनगर के लगातार तीन बार जिलाध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य भी हैं। पूरी कार्यकारिणी में देश के विभिन्न राज्यों से चार उपाध्यक्ष, 10 राष्ट्रीय संयोजक और 12 पदाधिकारी किसान कांग्रेस के सह संयोजक बनाए गए हैं। खास बात यह है कि पूरे देश के नवनियुक्त वरिष्ठ पदाधिकारियों में वर्तमान विधायक, पूर्व मंत्री, विभिन्न संगठनों के अध्यक्ष भी शामिल हैं। अजय चौधरी को पार्टी ने जिम्मेदारी दी है कि वह पूरे देश में घूमकर किसान हितों का काम करके उन्हें पार्टी से जोड़ेंगे। ब्यूरो