संचार क्रांति का प्रभाव हर क्षेत्र में है : आर के सिन्हा
नोएडा। तकनीकी उपलब्धि और विगत दशक में संचार माध्यमों के अभूतपूर्व विकास की वजह से आई क्रांति ने पत्रकारिता का फलक व्यापक कर दिया है। आज समाज का कोई भी वर्ग संचार क्रांति के प्रभाव से अछूता नहीं हैं। सेक्टर-62 स्थित विचार प्रेरणा भवन में शनिवार को जन संचार एवं शोध संस्थान द्वारा आयोजित केशव संवाद पत्रिका के घर-घर मीडिया विशेषांक के विमोचन समारोह में बतौर मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद आर के सिन्हा ने यह बातें कहीं। प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष विमला बाथम ने पत्रकारिता के क्षेत्र में संस्थान के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान मीडिया के क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से मूल्य परक पत्रकारिता को दिशा देने में जुटा है। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य डॉ. सरोजनी अग्रवाल, सुभाष सिंह, डॉ. अखिलेश मिश्र, मधुसूदन दादू, प्रभाकर वर्मा, शिव प्रताप सिंह, रमन चावला, नीता सिंह, प्रतिभा सिंह, डॉ. सुनेत्री सिंह, डॉ. कविता त्यागी व डॉ. प्रदीप कुमार आदि शामिल रहे।