इंटरनेट के जरिए टटलू काटने वाला पकड़ा
होडल। पुलिस की अपराध जांच शाखा ने मुखबिर की सूचना पर इंटरनेट के जरिए टटलू काटने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उसे अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे जेल भेल दिया। पुलिस पहले भी इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जानकारी के अनुसार अपराध शाखा को सूचना मिली थी कि इंटरनेट पर लोगों के साथ ठगी करने वाले गिरोह का एक सदस्य यहां पर है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर जाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। शाखा प्रभारी नानक चंद के अनुसार यह गिरोह इंटरनेट के द्वारा नई- नई गाड़ियों को सस्ते दामों में बेचने का लालच देकर गाड़ियों का एक फोटो इंटरनेट पर लोगों के पास भेजता है। 17 जून को हथीन के गांव मोहमदका निवासी आरोपी साकिर ने अपने 12 साथियों के साथ मिलकर एक स्विफ्ट गाड़ी का फोटो इंदौर निवासी हाजी अब्दुल करीम बक्स रिटायर एएसआई के पास भेजा और कहा कि यह गाड़ी वह उनको 2 लाख रुपये में दे देंगे। गाड़ी का फोटो इंटरनेट पर देखकर इंदौर निवासी हाजी अब्दुल लालच में आए क्योंकि उन्हें एक नई स्विफ्ट गाड़ी सस्ते दामों में मिल रही थी। अब्दुल ने साकिर के पास फोन किया और गाड़ी लेने के लिए कहा। साकिर ने गाड़ी देने की बात तय कर दी। इसके बाद इंदौर से हाजी अब्दुल अपने दो साथियों महेश और ओमप्रकाश के साथ हथीन के गांव मोहमदका के पास पहुंच गए। आरोपी साकिर अपने 12 साथियों के साथ उनके पास पहुंचा और कहा कि गाड़ी को चुपचाप ले जाना, किसी को बताना मत क्योंकि वह गाड़ी को अपने परिजनों की बगैर मर्जी के बेच रहा है। आप रुपये भी यहीं दे दो। आरोपियों ने पूछा कि आप कितने पैसे लाए हो, तो अब्दुल बक्स ने कहा कि वह 6 लाख 50 हजार रुपये लाया है तो आरोपियों ने उससे सभी पैसे लूट लिए और उनके पास रखे एटीएम, पर्स और मोबाइल भी लूट लिए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्होंने 12 आरोपियों में से 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और इन आरोपियों से 2 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं और मोबाइल फोन और पर्स भी बरामद कर लिए हैं।