टिकट बनवाने को कहा तो युवकों ने परिचालक को पीटा
पलवल। होडल जा रही हरियाणा रोडवेज की बस में परिचालक द्वारा कुछ युवकों से टिकट मांगना उस समय महंगा पड़ गया जब उक्त युवकों ने परिचालक के साथ मारपीट की और बस पर पत्थरबाजी कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने पीड़ित परिचालक की शिकायत पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी प्रीतम सिंह के अनुसार धारम पट्टी होडल निवासी धर्मवीर ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह हरियाणा रोडवेज में परिचालक के रूप में कार्यरत हैं। सोमवार शाम को परिचालक व चालक बस में सवारियां लेकर पलवल से होडल जा रहे थे। पलवल बस स्टैंड से चार युवक बस में चढ़े । गांव कुश्लीपुर के समीप परिचालक ने जब उक्त युवकों से टिकट बनवाने को कहा वह बदसलूकी करने लगे। झगड़ा होते देख चालक ने बस को रोक दिया। इसी दौरान चारों युवक बस से उतर कर बस पर पत्थर फेंकने लगे, जिससे बस क्षतिग्रस्त हो गई। पीड़ित ने जब उक्त युवकों के बारे में जांच-पड़ताल की तो पता चला कि वह गांव टीकरी ब्राह्मण के रहने वाले हैं। उनका नाम शाहरुख, शेजू, मुनफीद और वारिस है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।