12 प्रदेशों के 400 खिलाड़ी पिकल बॉल टूर्नामेंट में करेंगे भागीदारी
नेपाल से भी एक टीम टूर्नामेंट में करेगी शिरकत, बुधवार को एसोसिएशन ने लॉन्च की जर्सी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-21ए नोएडा इंडोर स्टेडियम में 14 से 16 जून के बीच तीन दिवसीय ईस्ट एंड सेंट्रल जोन एडी मेमोरियल पिकल बॉल टूर्नामेंट में करीब 400 से अधिक खिलाड़ी शामिल होंगे। जिसमें नेपाल समेत देशभर के कुल 12 प्रदेशों के खिलाड़ी शामिल हैं। बुधवार को सेक्टर-120 स्थित प्रतीक लोरियल सोसाइटी के क्लब हाउस में यूपी पिकल बॉल एसोसिएशन ने टूर्नामेंट की जर्सी लॉन्च की।
उत्तर प्रदेश पिकल बॉल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि 14 जून को दोपहर करीब 12 बजे प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों द्वारा किया जाएगा। टूर्नामेंट में अलग-अलग कुल 30 कैटेगरी में मैच खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में भागीदारी करने के लिए आने वाले दूसरे प्रदेशों समेत नेपाल से आने वाले खिलाड़ियों के रहने व खाने-पीने की समुचित व्यवस्था कर दी गई है। प्रतियोगिता के दौरान पिकल बॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के चेयरमैन और अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे। तीन दिवसीय टूर्नामेंट में सभी विजेता व उप विजेता खिलाड़ियों को पदक व पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। टूर्नामेंट में प्रमुख साझेदार के रूप में डिकैथलॉन भी शामिल होगा। यूपी पिकल बॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष के कुमार ने कहा कि पिकल बॉल खेल तेजी से लोकप्रियता हासिल कर रही है।