दादरी के बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के शादीपुर छिड़ौली गांव में शनिवार को ईद उल अजहा की नमाज के बाद उस समय अफरातफरी मच गई, जब नमाज अदा कर लौट रहे उपनिरीक्षक की कार की चपेट में आकर चार वर्षीय बच्ची इल्फा गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची को उपचार के लिए मोहन स्वरूप अस्पताल, जीटी रोड में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
बादलपुर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक ईद की नमाज अदा कराने शादीपुर छिड़ौली गांव पहुंचे थे। नमाज के बाद जब वे अपनी कार से लौट रहे थे, तभी इल्फा नामक बच्ची उनकी कार के सामने आ गई और वाहन की चपेट में आकर घायल हो गई।
घटना होते ही उपनिरीक्षक ने तुरंत कार रोक दी और स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। बच्ची के परिजन भी कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गए। तुरंत घायल को उठाकर मोहन स्वरूप अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे निगरानी में रखा गया है। सूचना मिलते ही एडिशनल डीसीपी भी अस्पताल पहुंचे और बच्ची के परिजनों से बात कर चिकित्सीय स्थिति की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। मामले की जांच की जा रही है और बच्ची के परिजनों से बातचीत के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।