नूंह। मानव संसाधन मंत्रालय द्वारा देशभर में निष्ठा प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत टीचरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिले के पांचों खंड नूंह, तावडू, नगीना, पुन्हाना व फिरोजपुर झिरका में भी जेबीटी और टीजीटी अध्यापकों को ट्रेनिंग दी जा रही है। जिले में कक्षा एक से आठवीं तक के करीब 4 हजार अध्यापकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसमें बच्चों को नई गतिविधियों के माध्यम से पढ़ाने के बारे में बताया जा रहा है। बच्चों का ध्यान क्लास व पढ़ाई पर हो इसके लिए अध्यापकों को विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है।
आगामी समय में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम सामने आए इसके लिए टीचरों को ट्रेनिंग के दौरान विशेष जिम्मेदारी दी जा रही है। 11 नवंबर से जिले में शुरू हुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम 20 दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। यह प्रशिक्षण ब्लॉक स्तर पर आरोही मॉडल स्कूल और मालब डाइट में दिया जा रहा है। अभी तक करीब 2200 अध्यापकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
मालब डाइट के प्रधानाचार्य नरेंद्र कुमार यादव, डाइट इंचार्ज व मास्टर ट्रेनर डॉक्टर प्रमोद कुमार, एसआरपी ग्रुप लीडर श्यामबीर ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक दिया जा रहा है। यह पूरे देशभर में चल रहा है। कई राज्यों में यह पूरा हो चुका है। यह प्रशिक्षण सिर्फ कक्षा 1 से 8 तक अध्यापक-अध्यापिकाओं को दिया जा रहा है। प्रशिक्षण एससीईआरटी के मास्टर ट्रेनरों द्वारा दिया जा रहा है। ट्रेनिंग में अध्यापकों को बच्चों के सर्वांगीण विकास को लेकर फोकस किया जा रहा है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम से शिक्षा में बेहतर परिणाम सामने आएंगे।