कोरोना से युवक की मौत, 4 हजार के करीब पहुंचा संक्रमितों का आंकड़ा
नोएडा। कोरोना संक्रमण से ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सिटी में रहने वाले युवक की मौत हो गई। इसके साथ ही जिले में मृतकों की संख्या 38 हो चुकी है। वहीं, 84 नए केस आने के साथ ही जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 3940 तक पहुंच गया। शुक्रवार को 53 मरीज डिस्चार्ज होकर घर लौटे। अब तक जनपद में 2931 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं।
ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सिटी में रहने वाला युवक ई-मार्केटिंग क्षेत्र से जुड़ी कंपनी में काम करता था। कई दिनों से तबियत खराब होने पर उसे ग्रेटर नोएडा के एक कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार नहीं होने पर युवक को वेंटिलेटर पर भी रखा गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। शुक्रवार को सेक्टर-94 स्थित अंतिम निवास में शव का अंतिम संस्कार कराया गया। मृतक के संबंध में अभी अधिकारिक तौर पर स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी नहीं दी है। सीएमओ डॉ. दीपक ओहरी ने बताया कि 971 लोग अब भी विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। कोरोना संक्रमण के मामले में जनपद, उत्तर प्रदेश में पहले स्थान पर है। दूसरे नंबर पर गाजियाबाद (3902) और तीसरे पर लखनऊ (3386) है।