दिल्ली से एलसीडी टीवी बेचने ग्रेटर नोएडा आए युवक को घंघोला चौकी में रखकर अवैध वसूली करने वाले चौकी इंचार्ज सहित चार पुलिसकर्मियों को एसएसपी ने निलंबित कर दिया है।
चारों पर विक्रेता से 60 हजार रुपये वसूलने और एलसीडी छीनने का आरोप है। वहीं एक अन्य मामले में सहारनपुर निवासी कांस्टेबल पर नाबालिग से गैंगरेप में दोष सिद्ध होने एसएसपी ने उसे बर्खास्त कर सेवा मुक्त कर दिया है।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि साइट-5 थाने कि घंघोला चौकी के इंचार्ज संजीव कुमार और थाने पर तैनात दरोगा ब्रह्म कुमार, कांस्टेबल उमेश और संजय ने 9 अगस्त को दिल्ली सुल्तानपुर निवासी राजकुमार को परी चौक से उठाकर चौकी में हिरासत में रखा था।
राजकुमार परी चौक पर एलसीडी टीवी बेचने आया था। आरोपी पुलिसकर्मियों ने उससे 60 हजार रुपये वसूले और कुछ एलसीडी टीवी भी छीन लिए। राजकुमार की पत्नी ने इस बात की शिकायत यूपी हंड्रेड पर की थी। मामला संज्ञान में आने पर एसएसपी ने जांच कराई थी। आरोप सही पाए जाने पर चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
वहीं गौतमबुद्ध नगर में तैनात रहे पुलिस लाइन के सिपाही विवेक मलिक के खिलाफ सहारनपुर के गंगोह थाने में सामूहिक दुष्कर्म पॉक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने केस में चार्जशीट दाखिल की थी। अदालत ने सिपाही को दोषी करार देते हुए जेल भेज दिया। विवेक मलिक को जेल भेजे जाने की जानकारी मिलने पर एसएसपी ने उसे बर्खास्त कर सेवा मुक्त कर दिया है।