दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में मंगलवार को स्थाई समिति की बैठक में 38 बाजारों को फ्री होल्ड कर दिया। इससे जहां 1000 से अधिक दुकानदारों के सिर से सीलिंग का खतरा टल गया है, वहीं अब उन्हें मालिकाना हक भी मिल गया है। हालांकि, इसके लिए उन्हें कन्वर्जन चार्ज के साथ 33 फ़ीसदी सरचार्ज का भुगतान करना होगा।
भूमि एवं विकास कार्यालय द्वारा 79 मार्केट को स्थानांतरित किया गया था, जिसमें से 38 बाजार दक्षिणी निगम के क्षेत्र में थे। इनमें 1252 दुकानें लीज होल्ड पर हैं और 392 दुकानें लाइसेंस फीस के आधार पर चल रही हैं, जो कि मोहम्मदपुर शॉपिंग कांपलेक्स, लोदी रोड कांपलेक्स, 1-2 एमबी रोड, पुष्प विहार मार्केट सेक्टर एक से चार तक, हुडको प्लेस, सादिक नगर मार्केट और आईटीओ के समीप स्थित है।
वर्ष 2000 के केंद्र के कैबिनेट निर्णय के अनुसार, यह सभी मार्केट कन्वर्जन के अंतर्गत नहीं आती हैं, क्योंकि गैर स्वामित्व बाजार के रूप में सूचीबद्ध हैं। वर्तमान परिस्थिति के अनुसार, जिसके पास लीज आधारित संपत्ति है वह संपत्ति मालिक के अनुमति के बिना नहीं बेच सकता था। हालांकि, अब दक्षिणी निगम के भूमि एवं संपदा विभाग ने संपत्ति को बेचने की आवश्यक शर्त को निरस्त कर दिया है।