नोएडा(संवाद)। सूरजपुर स्थित ग्रेनो स्पीड स्केटिंग क्लब में 9 से 11 अक्तूबर तक 12वीं जिला गौतमबुद्ध नगर रोलर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। गौतमबुद्ध नगर रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन (जीबीएनआरएसए) की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में करीब 350 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें बालक और बालिकाओं ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। चैंपियनशिप में स्पीड स्केटिंग की इनलाइन और क्वाड श्रेणियों के साथ स्केटबोर्डिंग, रोलर हॉकी, रोलर डर्बी, स्पीड स्लैलम और फ्रीस्टाइल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। आयोजन में स्पीड चेयरमैन गद्रू सर और मुख्य रेफरी तरंग सरकार सहित शशिकांत गुप्ता, रोशन सरमाह, देव पात्रा, गौरव शर्मा, तुषार, आदित्य तिवारी, सचिन कुमार, विक्रम, अनुराग पात्रा, शाहिद खान, सुरजीत, सौरभ और हैदर ने योगदान दिया।एसोसिएशन के संयुक्त सचिव सौरभ शर्मा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, रेफरी, प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों, खिलाड़ियों और अभिभावकों का आभार जताया।