- दूसरे दिन भी 300 से अधिक क्रिकेटरों ने दिखाई प्रतिभा, 24 जुलाई को आगरा में होगी यूपी टी-20 लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। यूपी टी-20 क्रिकेट लीग की फ्रेंचाइजी नोएडा किंग्स के लिए खिलाड़ियों के चयन ट्रायल का दूसरा दिन भी उत्साहपूर्ण रहा। शुक्रवार को शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में गौतमबुद्ध नगर समेत कई जिलों से आए 300 से अधिक खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ट्रायल में बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण और फिटनेस के आधार पर खिलाड़ियों का मूल्यांकन किया गया।
ट्रायल में नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़, अलीगढ़, मेरठ, बरेली सहित विभिन्न जिलों के क्रिकेटरों ने भाग लिया। चयन समिति ने खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस, अनुशासन और दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता का बारीकी से आकलन किया। आयोजकों के अनुसार ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले करीब 30 से 35 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट कर उनके नाम 24 जुलाई को आगरा में होने वाली यूपी टी-20 लीग की ऑक्शन प्रक्रिया के लिए भेजे जाएंगे। नोएडा किंग्स प्रबंधन का कहना है कि टीम का उद्देश्य स्थानीय और उभरती प्रतिभाओं को बड़ा मंच देना है। चयनित खिलाड़ियों को पेशेवर क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। ट्रायल प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी और इसके बाद खिलाड़ियों की नजरें आगरा में होने वाले ऑक्शन पर रहेंगी।