- मिशन शक्ति के तहत पुलिस कमिश्नरेट सभागार में आयोजित हुआ कार्यक्रम
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। समाज कल्याण का कार्य कर समाज में सकारात्मक संदेश देने व बहादुरी दिखाने वाली 33 महिलाओं को नोएडा कमिश्नरेट पुलिस की तरफ से सम्मानित किया गया। बुधवार को सेक्टर-108 स्थित पुलिस कमिश्नरेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्रा ने महिलाओं को सम्मानित किया।
पुलिस कमिश्नरेट में आयोजित कार्यक्रम में उन महिलाओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में साहस, आत्मविश्वास का परिचय देकर समाज के लिए उदाहरण प्रस्तुत किया। अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान-5.0 का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है। कहा कि सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीम द्वारा बालिकाओं/महिलाओं को प्रतिदिन कार्यक्रम आयोजित करते हुए साइबर अपराध, सोशल मीडिया से सही उपयोग, गुड टच, बैड टच के बारे में, यौन अपराधों, घरेलू हिंसा, बाल सुरक्षा व अधिकार आदि के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान त्यागराज सेंटर फॉर म्यूजिक एंड डांस नोएडा की बालिकाओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। रानी लक्ष्मीबाई के जीवन पर आधारित नाटक का मंचन भी छात्राओं द्वारा किया गया। इस मौके पर अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार, डीसीपी मुख्यालय रवि शंकर निम, डीसीपी महिला सुरक्षा प्रीति यादव, एडीसीपी सेंट्रल नोएडा शैव्या गोयल समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
-
इन लोगों को किया गया सम्मानित
दीपा देवी, जयंती राघवन, अनुष्का यादव, लगनी देवी, राधा देवी, ममता यादव,पूजा अवाना, मीनाक्षी त्यागी, स्वीटी त्यागी, पारुल, शकुंतला देवी, सुनीता, चंदा, रेखा शर्मा, यशिका गुप्ता, समीम बानो, दीक्षा बंसल, पूनम, साधना, सरोज रानी, सुनीता कुमारी, कौशल, बीना, विपेश, मथिलेश, गीता, नीतू, बबीता, दीपिका, मनु, शैली और सीमा।