जूते की दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जला
पुलिस बता रही शॉर्ट सर्किट, दुकानदार ने रंजिश को वजह बताया
तावडू की घटना, दमकल की गाड़ी ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
तावडू। शहर के जनता बाजार में स्थित जूते की एक दुकान में सोमवार रात 3 बजे अचानक आग लग गई। जानकारी के मुताबिक मोहित बूट हाउस में आग लगने की सूचना गश्त कर रहे चौकी प्रभारी सहायक निरीक्षक ने फायर बिग्रेड को दी। फायर बिग्रेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंच करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दुकान में रखा सारा सामान जल चुका था। आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पीड़ित दुकानदार के मुताबिक आग के कारण उसका करीब साढे़ सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार की रात पुलिस की गश्ती दल को मेन रोड जनता बाजार के द्वार के पास मोहित बूट हाउस में आग की लपटें दिखाई दीं। तुरंत दमकल विभाग को इसकी सूचना दी गई। पीड़ित दुकानदार मोहित निवासी वार्ड नं 4 तावडू ने बताया कि आग के कारण दुकान में रखे जूते चप्पल व अन्य जरूरी कागजात जल कर राख हो गए। पीड़ित का आरोप है कि आग शॉर्ट सर्किट से नहीं, किसी ने रंजिश के कारण लगाई है। जबकि पुलिस ने इस तरह की घटना से साफ मना किया है। इससे पहले बीते सप्ताह जनता मार्केट में कपड़े की दुकान शॉर्ट सर्किट के कारण आग की भेंट चढ़ गई थी। यहां पर बिजली के तारों का जाल बिछा है। जिसे लेकर न तो बिजली विभाग गंभीर है और न ही स्थानीय दुकानदार। चौकी प्रभारी राजेन्द्र कुमार का कहना है कि पीड़ित की ओर से अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर आगामी कार्रवाई की जायेगी।