करंट से किशोर की मौत, मामला दर्ज।
पुन्हाना। क्षेत्र के काली मंदिर प्रांगण में करंट लगने से शनिवार को एक किशोर की मौत हो गई। मृतक के पिता की शिकायत पर पुन्हाना सिटी पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि नवरात्रि के दौरान यहां जगराता कार्यक्रम चल रहा था। इसमें लाईटिंग की फिटिंग में खुले तार छोड़ दिए गए थे। इसे लेकर लोगों ने पहले भी टेन्ट हाउस के वर्करों को बताया था कि लोहे के पाइप में करंट आ रहा है। लेकिन समय रहते वर्करों ने इसपर कोई कार्रवाई नहीं की जिससे 17 वर्षीय अजय पुत्र फूलचन्द करंट की चपेट में आ गया। शव का पुलिस ने अल-आफिया अस्पताल मांड़ीखेड़ा में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया तथा शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना के बाद टेंट वर्करों ने उस पाईप को एवं करंट हटाकर सबूत खत्म करने के प्रयास भी किया। आरोप लगाया कि टेंट हाऊस से अलीम, जकरिया व साबिर की लापरवाही के कारण अजय की मौत हुई है। इस संबंध में जांच अधिकारी वेद प्रकाश ने बताया कि शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ 304 ए व 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ब्यूरो