अलीगढ़, मथुरा, आगरा और हाथरस के लिए उपयोगी
रक्षाबंधन पर राह आसान करेंगी अतिरिक्त बसें
रोडवेज ने यात्रियों की भीड़ से निपटने की शुरू की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। रक्षाबंधन पर यात्रियों की भीड़ से निपटने की रोडवेज प्रबंधन ने तैयारी शुरू कर दी है। नोएडा डिपो से अलग-अलग रूटों पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। इसको लेकर डिपो प्रबंधन को दिशानिर्देश दिए गए हैं। रक्षाबंधन 26 अगस्त को है। रोडवेज प्रबंधन ने अतिरिक्त बसों का संचालन त्योहार से दो दिन पहले ही शुरू करने की योजना बनाई है। नोएडा से मेरठ के लिए फिलहाल प्रत्येक आधे घंटे में बसों का संचालन हो रहा है। इसी तरह अलीगढ़, मथुरा, आगरा और हाथरस रूट पर घंटे से डेढ़ घंटे की बस सर्विस है, लेकिन रक्षा बंधन से पहले ही इन रूटों पर यात्रियों का बेतहाशा दबाव बढ़ जाता है। रोडवेज प्रबंधन के मुताबिक, बस अड्डे और शहर के मुख्य स्टॉपेज पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने के साथ ही संबंधित रूट पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। डिपो के अलावा मुख्य स्थानों पर कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। चालक व परिचालकों को समय पर आने की हिदायत दी गई है। बिना टिकट सफर करने वाले यात्रियों पर शिकंजा कसने के लिए चेकिंग दस्ते तैनात किए जाएंगे। ब्यूरो