अधिकारियों की सद् बुद्धि के लिए हवन करेंगे किसान
ग्रेटर नोएडा। कलेक्ट्रेट पर किसानों का धरना तीन माह से जारी है। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के पदाधिकारी सोमवार को धरनास्थल पर ही हवन करेंगे। किसान अधिकारियों की सद् बुद्धि के लिए प्रार्थना भी करेंगे। प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना ने बताया कि हवन में राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश टिकैत भी मौजूद रहेंगे। नए अधिग्रहण कानून का लाभ देने, 64.7 फीसदी अतिरिक्त मुआवजे का भुगतान, 10 फीसदी प्लांट देने समेत मांगों को लेकर लंबे समय से किसानों का धरना चल रहा है। मांगों को पूरी करने की दिशा में कोई भी अधिकारी ध्यान नहीं दे रहा है। प्रशासन ने पूरी तरह से आंखें बंद कर रखी हैं। सोमवार को भारी संख्या में किसान कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे और धरनास्थल पर हवन करेंगे। भीड़ जुटाने के लिए रविवार को कई स्थानों पर जनसंपर्क भी किया गया। इस दौरान लज्जा राम प्रधान, सुभाष चौधरी, अनित कसाना, संजय कसाना, जीवन सिंह, रजनीकांत अग्रवाल, महेंद्र सिंह चौराली, महेंद्र मुखिया, गजेंद्र चौधरी, नरेश शर्मा मौजूद रहे।
किसानों के मुद्दे पर होगा आंदोलन
ग्रेटर नोएडा। जय जवान जय किसान संगठन ने किसानों की मांगों को लेकर चिटहेरा गांव में सम्मेलन किया। इस दौरान दो अक्तूबर से समाजसेवी अन्ना हजारे के मार्ग दर्शन में किसानों के अधिकार, लोकपाल कानून, चुनाव सुुधार तथा पुलिस सुधार के मुद्दों पर शुरू होने वाले राष्ट्रवादी आंदोलन की तैयारी को लेकर विचार विमर्श किया गया। किसान नेता सुनील फौजी ने बताया कि किसान एवं समाजसेवी संगठनों ने एक साथ आंदोलन करने पर सहमति दी। ताकि किसानों को उनका अधिकार मिल सके। जमीनों का उचित मूल्य मिल सके। वहीं, आंदोलन की रणनीति बनाकर जनसंपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाएगा। ब्यूरो